News: West Jamshedpur


सरयू राय की पहल पर ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर 6 सितंबर को सेमिनार


20 August 2026 | Jamshedpur

सेमिनार की सफलता के लिए तैयारी समिति का हुआ गठन|

-प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और छात्र आंदोलन पर फोकस रहेगा

-सुबह साढ़े 9 बजे से माइकल जॉन ऑडिटोरियम में शुरु होगा पंजीकरण

-हर सत्र एक घंटे का होगा, शोध पत्र भी प्रस्तुत किये जाएंगे

-सेमिनार में शामिल होने के लिए हर विद्यालय को भेजा जाएगा पत्र

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार होने जा रहा है। इसके मद्देनजर सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित निवास पर गुरुवार को एक आवश्यक बैठक हुई।

 इस बैठक में सर्वसम्मति से सरयू राय को आयोजन समिति का संयोजक चुना गया। एक संयोजक मंडल का भी गठन किया गया, जिसमें कृष्ण कुमार, चंद्रदीप पांडेय, नवनीत सिंह, श्रीमन त्रिगुण और मनोज कुमार सिंह शामिल किये गए हैं।
सरयू राय ने बताया कि 6 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार हेतु पंजीकरण शुरु हो जाएगा। उद्घाटन सत्र सुबह 10 से 11 बजे तक चलेगा। प्रथम सत्र प्राथमिक विद्यालयों के नाम रहेगा जो सुबह 11.30 से 12.30 तक चलेगा। दूसरा सत्र माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध होगा जो दोपहर 12.30 से डेढ़ बजे तक चलेगा।

 तीसरा सत्र दोपहर 2.30 से 3.30 तक चलेगा जो उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को समर्पित रहेगा। चौथा सत्र दोपहर 3.30 से साढ़े चार बजे तक चलेगा जिसमें छात्र आंदोलन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला जाएगा। 

श्री राय ने बताया कि सेमिनार के कुशल संचालन के लिए चार समितियां भी बनाई गई हैं। इनमें प्राथमिक समिति में कृष्ण कुमार और अनिता शर्मा को शामिल किया गया है। माध्यमिक समिति में चंद्रदीप पांडेय और विकास सिंह शामिल किये गए हैं। उच्च एवं तकनीकी समिति में नवनीत सिंह एवं पवन सिंह शामिल किये गए हैं।

 छात्र आंदोलन से संबद्ध समिति में श्रीमन त्रिगुण और हेमंत पाठक को शामिल किया गया है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्था सुबोध श्रीवास्तव देखेंगे। 

सरयू राय ने बताया कि सेमिनार के संबंध में जमशेदपुर के सभी निजी/सरकारी विद्यालयों-कॉलेजों को पत्र भेजा जाएगा। सेमिनार में विविध विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का एक सर्वे कर यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि विद्यालयों में किस चीज की कमी है और वहां क्या करने की जरूरत है।

 इस सर्वे के सवाल व्यवस्थागत और शैक्षणिक आधार पर तय किये जाएंगे। सर्वे के परिणाम पर सेमिनार में चर्चा होगी। 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में अपराह्न 3.30 बजे से विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपलों की बैठक बुलाई गई है जिसमें सेमिनार को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा होगी। 

बैठक में एसपी सिंह, अशोक गोयल, मनोज कुमार सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अंशुल शरण, चंद्रदीप पांडेय, सुधीर सिंह, अजय कुमार, नवनीत सिंह, विकास सिंह, पवन सिंह, श्रीमन त्रिगुण, कृष्णा प्रसाद, हेमंत पाठक, कुमुरी विनीत आदि शामिल थे।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Teacher Respect         #Education Reform         #Education System         #Teacher Honor         #Education Upliftment