News: West Jamshedpur


कासमार गांव में भारी ब्लास्टिंग से घरों में आई दरार, सरयू राय कल करेंगे दौरा


02 February 2026 | जमशेदपुर

 जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय पूर्वी सिंहभूम जिला के डुमरिया प्रखंड के कासमार गांव का दौरा मंगलवार को करेंगे। इस संबंध में उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र के माध्यम से सूचित कर दिया है। 

सरयू राय ने बताया कि कासमार गांव के ग्रामीण उनके बिष्टुपुर स्थित आवास/कार्यालय पर मिलने आए थे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि डुमरिया के अंचल अधिकारी द्वारा दी गयी गलत सूचना के आधार पर जिला खनन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम ने उनके गांव के समीप पत्थर खनिज का उत्खनन पट्टा स्वीकृत कर लिया है। 

ग्रामीणों ने श्री राय को अंचल अधिकारी द्वारा निर्गत किया गया पत्र (संख्या 99, दिनांक 10.03.2023) की छायाप्रति दी और बताया कि पत्र में अंकित निर्धारित बिंदुओं के विषय में उल्लेख गलत है। इस कारण से भारी ब्लास्टिंग होने के कारण उनके गांव के घरों में दरार हो गया है। गांव का जल स्तर नीचे चला गया है। दूसरे गांव से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। 

ग्रामीणों ने श्री राय से आग्रह किया कि वह उनके गांव जाकर घटनास्थल का निरीक्षण करें और वस्तुस्थिति से प्रशासन को अवगत कराएं। कासमार के ग्रामीणों के अनुरोध पर सरयू राय कल, 03 फरवरी 2026 को घटनास्थल का निरीक्षण के लिए जाएंगे।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur                  #Site Inspection         #Heavy Blasting         #Cracks in Houses         #Kasmar Village         #District Mining Officer of East Singhbhum         #Mining Lease for Stone Minerals