News: East Jamshedpur


विधायक सरयू राय ने महिला मोर्चा की सदस्यों से डाटा तैयार करने को कहा


12 July 2024 | जमशेदपुर

 महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक हजार का भत्ता 

- राज्य सरकार की इस स्कीम का फायदा आयकर भरने वालों को नहीं मिलेगा 
- नाम, पता, फोन नंबर और आमदनी की स्थिति पता करने का दिया निर्देश 
- इस माह के आखिरी तक राज्य मुख्यालय से फार्म आ जाने की है संभावना 

भाजमो महिला मोर्चा की एक जरूरी बैठक शुक्रवार को बारीडीह कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संरक्षक और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक श्री सरयू राय ने की। उन्होंने बैठक में बताया कि राज्य सरकार जल्द ही एक योजना लागू करने जा रही है। इस योजना के अनुसार, 20 से 50 साल की युवतियों/महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये का भत्ता दिया जाएगा। यह योजना सशर्त है। जिन महिलाओं का उनके घरवालों का इनकम टैक्स कटता है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। 

बैठक में श्री सरयू राय ने कहा कि योजना के अनुसार इस भत्ता का इस्तेमाल महिलाएं अपने बेहतर स्वास्थ्य हेतु करेंगी। उन्होंने महिला मोर्चा की सदस्यों से कहा कि वे अभी से ही इस अभियान में जुट जाएं। महिलाओं की टीम बनाई जाए। उन्हें चिन्हित किया जाए। जैसे ही फार्म आएगा, वे फार्म भरवाना शुरू करें। उसके पहले इसे एक बड़े अभियान की तरह चलाया जाए ताकि ज्यादा योग्य महिलाओं को इसका लाभ मिल सके और उनके स्वास्थ्य को बेहतर करने में इस योजना का लाभ मिले। 

श्री राय ने बताया कि इस सिलसिले में उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से भी बात की। उपायुक्त ने बताया कि अभी फार्म राज्य मुख्यालय से नहीं मिला है। जैसे ही फार्म उपलब्ध होगा, वह संबंधितों को दिया जाएगा। ज्यादा संभावना है कि इस महीने के आखिरी हफ्ते तक फार्म उपलब्ध हो जाए। श्री राय ने कहा कि जब तक फार्म नहीं आता है, तब तक महिला मोर्चा की सदस्य योग्य महिलाओं की खोज करें। उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर, आमदनी आदि के बारे में समस्त जानकारियां जुटा लें। जैसे ही फार्म आए, उन्हें फोन करके बुला लें और फार्म भरवाकर जमा करने की तैयारी करें। जरूरत पड़ी तो महिलाओं को ज्यादा लाभ देने के लिए कैंप भी लगाए जाएंगे।

श्री राय ने बताया कि यह फार्म जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के पास तो होगा ही, आंगनबाड़ी में काम करने वाली सेविकाओं के पास भी होगा। यह समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारियों के पास भी होगा |


 

#Saryu Roy         #East Jamshedpur MLA         #Baridih         #Bhajmo Mahila Morcha         #Bhatta                  #Yojna         #Abhiyan         #Swasthya         #Form         #Jila Prashashan