News: West Jamshedpur


सफाई व्यवस्था लचर, ठेकेदारों पर भड़के


03 January 2026 | जमशेदपुर

मानगो में दो घंटे साफ सफाई का निरीक्षण किया सरयू राय ने

मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से करेंगे बात, अकर्मण्य ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने को कहेंगे 

-सफाईकर्मियों की कम संख्या से नाराज हुए विधायक

-क्यूब कंपनी द्वारा कर्मचारियों के इस्तेमाल से बेहद खफा

-कायदे से नहीं हो रही है मोहल्लों की साफ-सफाई

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि मानगो नगर निगम में साफ-सफाई की व्यवस्था काफी लचर है। सफाई ठेकेदार मानगो नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई के कार्य के लिए आवश्यक सफाई कर्मियों की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं। नतीजा है कि मोहल्लों में साफ-सफाई सही तरीके से नहीं हो पा रही है। 

गौरतलब है कि श्री राय ने शनिवार की सुबह मानगो के विभिन्न इलाकों की साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था। 

 उन्होंने  सफाई कर्मियों की उपस्थिति का औचक निरीक्षण भी किया। 

वह सुबह 7.30 से 9.30 बजे तक डिमना रोड, दाईगुट्टू और कुंवर बस्ती आदि इलाकों का दौरा करते रहे। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सफाई ठेकेदारों द्वारा निविदा शर्तों के मुताबिक जितनी संख्या में सफाई कर्मियों की आपूर्ति की जानी थी, उससे काफी कम सफाई कर्मी उपस्थित मिले। एकाध जगहों पर तो सफाई कर्मियों की संख्या आधा के बराबर थी। जहाँ पर 35 सफाई कर्मियों की आपूर्ति होनी थी, वहाँ मुश्किल से 20 सफाईकर्मी मिले। जहाँ 40 की संख्या में सफाई कर्मियों की आपूर्ति होनी थी वहाँ 25 की संख्या भी पूरी नहीं हुई। 

निरीक्षण के दौरान मानगो नगर निगम के सफाई निरीक्षक और ठेकेदार के सुपरवाइजर भी उपस्थित थे।

श्री राय को बताया गया कि जिन सफाई कर्मियों को ठेकेदारों द्वारा सफाई कार्य के लिए लगाया जा रहा है, उनका पीएफ और ईएसआई देने में भी अनियमितता पायी गयी। 

कुछ सफाई कर्मियों की मजदूरी ठेकेदार द्वारा उनके बैंक खाता में दी जा रही है, जबकि ज्यादातर सफाई कर्मियों ने श्री राय को बताया कि  उन्हें नकद भुगतान किया जात है। 

निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि ठेकेदारों द्वारा निविदा शर्तों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है और मानगो नगर निगम इस अनियमितता के प्रति आँखें मुदे हुए है। 

सरयू राय ने मौके पर उपस्थित सफाई निरीक्षकों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक दिन रिपोर्ट उच्च अधिकारी को देते हैं पर उस रिपोर्ट पर क्या कारवाई होती है, इसकी जानकारी नहीं है। 

सरयू राय को निरीक्षण के दौरान यह जानकारी भी मिली की सभी स्थलों पर ठेकेदारों द्वारा सफाई कर्मियों को क्यूब नाम की संस्था के कार्य में लगा दिया जाता है, जिसके जिम्मे डोर-टू-डोर कचरा उठाने का कार्य है। श्री राय के अनुसार,  इससे पता चलता है कि न केवल सफाई के काम में कोताही बरती जा रही बल्कि क्यूब नाम की संस्था के क्रियाकलापों पर भी पर्दा डालने का काम मानगो नगर निगम कर रहा है।

सरयू राय के अनुसार,  पूछताछ के बाद जानकारी मिली की जिन ठेकेदारों को निविदा पर नियुक्त किया है उसके पीछे किसी न किसी मजबूत राजनीतिक नेता का हाथ है। शायद इसीलिए मानगो नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई करने से हिचकते हैं और इसकी कीमत सफाई नहीं होने के कारण आम नागरिकों को उठाना पड़ती है। 

श्री राय ने मानगो नगर निगम से जानकारी चाही कि सफाई कर्मियों की आपूर्ति कितने ठेकदारों द्वारा की जा रही है? कितने ठेकेदारों को अनियमितता के लिए जिम्मेदार ठहराया है? कितनों को नोटिस दिया गया है और मानगो नगर निगम द्वारा इसके एवज में उनके भुगतान में कटौती की गयी है या नहीं?

श्री राय ने दो टूक कहा कि  इन सवालों का  स्पष्ट जवाब मानगो नगर निगम के अधिकारी से नहीं मिलने पर यही माना जाएगा कि मानगो नगर निगम से अधिक जनता के अधिकारों के साथ समझौता कर रहे है। उन्होंने कहा है कि ठेकेदार निविदा में ऊँची बोली बोलकर ठेका ले लेते हैं मगर राजनीतिक समर्थन के कारण उनके खिलाफ कोई कारवाई नहीं हो सकेगी, ऐसा करने से न केवल इलाका के साथ समझौता कर रहीे है बल्कि मानगो नगर निगम के फंड का दुरूपयोग भी हो रहा है।

श्री राय ने कहा कि इस बारे में वह मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से बात करेंगे।  यह सुनिश्चित किया जाएगा कि साफ-सफाई के मामले में निविदा की जो शर्तें हैं, उनका पूरी तरह पालन किया जाय और शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों को काली सूची में डाला जाय ताकि वे पूर्वी सिंहभूम जिला के किसी भी नगर निकाय की निविदा डालने के लिए अयोग्य कर दिए जाय। 

उन्होंने नगर विकास विभाग द्वारा डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन के लिए नियुक्त कंपनी क्यूब के कर्याकलापों की भी जाँच करने की माँग की है ताकि पता चल सके कि क्यूब कंपनी में बिना काम किए हुए ही मानगो नगर निगम द्वारा कितनी राशि का भुगतान किया है।

श्री राय के साथ निरीक्षण में जन सुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह , पिंटू सिंह, संतोष भगत , जदयू उलीडीह मंडल के अध्यक्ष प्रवीण सिंह, मानगो मंडल अध्यक्ष लालु गौड़, विकास साहनी, संतोष चौहान, विनय कुमार, रवि गोड़ाई, जयप्रकाश निराला, मनोज गुप्ता, टुनटुन सिंह, बाला प्रसाद, संजय प्रधान, संजय सिंह आदि मौजूद थे।

#Saryu Roy         MLA West Jamshedpur         #Inspection of the Cleanliness Drive         #Poor Sanitation System         #Contractors         #face Public Anger         #Deputy Municipal Commissioner         #Mango Municipal Corporation         #Blacklist         #Incompetent Contractors         #Sanitation Workers         #Cube Company