News: West Jamshedpur


जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का प्रेस वक्तव्य


04 May 2026 | Ranchi

पीएम आवास योजना, बिरसानगर के लाभुकों को उन्हें आवंटित आवास की चाबी दिलाने तथा उनका गृह प्रवेश कराने के लिए रांची में राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार और विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार से मिला और उन्हें बताया कि विभाग की सुस्ती के कारण पूरा पैसा जमा कर देने और बिजली कनेक्शन ले लेने के बाद भी लाभुकों को उन्हें आवंटित फ्लैट की चाबी नहीं दी जा रही है। इस कारण लाभुक भारी मानसिक पीड़ा और आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। समाज में आर्कबिशप से कमजोर श्रेणी के ये लाभुक एक और बैंक से क़र्ज़ का सूद भर रहे हैं तो दूसरी ओर किराए के मकान का भाड़ा दे रहे हैं। सरकार उनके साथ ज्यादती कर रही है। 

मैंने मंत्री को बताया कि कल 200 से अधिक संख्या में लाभुक मेरे पास आए और अपनी समस्या बताई। लाभुकों ने बताया कि सरकार के अफ़सर यह नहीं बता रहे हैं कि कब उन्हें आवंटित फ्लैट की चाबी देंगे ताकि वे अपने घर में रह सकें। लाभुकों ने कहा कि 6 मई को गृह प्रवेश का अच्छा दिन है इसलिए वो अपने फ्लैट पर पूजा करना चाहते हैं. उनकी बात सुनकर मैंने निर्णय सुनाया कि मैं 4 मई को रांची जाकर मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री से आग्रह करूंगा कि 6 मई को लाभुकों को पूजा के उपरांत सरकार उन्हें आवंटित फ्लैट में प्रवेश करा दे.

मुख्यमंत्री आज अचानक दिल्ली चले गए, इसलिए उनसे बात नहीं हो सकी। विभागीय मंत्री और सचिव से लंबी वार्ता हुई। मंत्री ने कहा कि 6 मई बहुत नजदीक है। मुख्यमंत्री से बात कर उस दिन लाभुको को चाबी देने में कठिनाई है पर मैं इतना आश्वस्त करता हूं कि मई महीना में ही किसी दिन लाभुकों को सरकार उन्हें आवंटित फ्लैट की चाबी दे देगी। संभव है कि मुख्यमंत्री स्वयं वहां जाकर उन्हें चाबी दें या विभागीय मंत्री के नाते मैं ही वहां जाकर उन्हें चाबी देकर गृह प्रवेश कराउंगा, परंतु मई महीना में 6 मई के तुरंत बाद किसी भी दिन उनका गृह प्रवेश हर हालत में होगा। माननीय मंत्री ने कहा कि इस अवसर पर सरकार वहां भव्य कार्यक्रम करेगी जिसमें जिले के सांसद और सभी विधायक एवं वरीय अधिकारी बुलाए जाएँगे.

मैंने माननीय मंत्री को बताया कि हमलोगों ने 6 मई को पूजा की तैयारी की है। आपकी बातों की जानकारी मैं कल लाभुको को दे दूँगा। वे जैसा तय करेंगे मैं उनके साथ रहूंगा।

-सरयू राय

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #PMAY         #Birsa Nagar         #Awas Yojana         #Housing Justice         #Public Issues