News: East Jamshedpur


जमशेदपुर के लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी में एनएच-33 को जोड़ने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर पुल और करीब 02 कि.मी. की लम्बाई में पंहुच पथ बनने की तकनीकी निविदा खुलने के विषय पर प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग, झारखण्ड सरकार, राँची को पत्र लिखा


10 July 2024 |  जमशेदपुर

महाशय,
    आप अवगत है कि जमशेदपुर के लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी में एनएच-33 को जोड़ने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर पुल और करीब 02 कि.मी. की लम्बाई में पंहुच पथ बनने की तकनीकी निविदा पथ निर्माण विभाग ने कल दिनांक 09.07.2024 को खोल दिया है, जिसमें 06 संवेदक योग्य पाये गए हैं। इसके लिए पथ निर्माण विभाग प्रशंसा का पात्र है। कारण की लिट्टी चौक-भिलाई पहाड़ी पुल एवं पंहुच पथ परियोजना जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र तथा मानगो नगर निगम के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है और इससे इन दोनों इलाकों में यातायात समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। इस परियोजना पर सरकार के खजाने से मात्र 77 करोड़ रूपये ही व्यय होंगे। मुझे उम्मीद है कि तकनीकी निविदा खुल जाने के बाद शीघ्र ही इस परियोजना की वित्तीय निविदा भी पथ निर्माण विभाग के मुख्यालय में शीघ्र ही खुल जाएगी और इस महीना के अंत तक चयनित संवेदक की नियुक्ति होकर कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
 
    यहाँ यह उल्लेख अप्रासंगिक नहीं होगा कि इसके पूर्व मानगो में फ्लाईओवर बनने और स्वर्णरेखा नदी पर पुल बनाकर मानगो, साकची को जोड़ने की परियोजना की स्वीकृति भी सरकार ने दिया है और राज्य मंत्रिपरिषद से इसकी प्रशासनिक स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इस परियोजना के शिलान्यास की औपचारिकता करीब एक साल पहले माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों से पूरा हो चुकी है। मेरा आग्रह है कि अब जबकि लिट्टी चौक-भिलाई पहाड़ी को जोड़ने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर पुल और पंहुच पथ बनाने की परियोजना की तकनीकी निविदा हो चुकी है तब मानगो फ्लाई ओवर एवं पुल की परियोजना की डिजाईन पर विभाग को एक बार पुनर्विचार करना चाहिए। कारण कि इस परियोजना पर सरकारी खजाना से करीब 250 करोड़ रूपया से अधिक खर्च होने का अनुमान है, साथ ही मानगो की यातायात समस्या के निवारण में भी इसकी सीमित भूमिका होगी। लिट्टी चौक-भिलाई पहाड़ी परियोजना के बन जाने के बाद मानगो फ्लाई ओवर परियोजना की बहुत उपयोगिता नहीं रह जाएगी। शहर में आने वाले वाहन मानगो से बाहर-बाहर लिट्टी चौक-भिलाई पहाड़ी मार्ग से ही आयेंगे।

    मैंने मानगो फ्लाई ओवर का डिजाईन देखा है और इस पर परियोजना के परामर्शी, पथ निर्माण विभाग के अभियंता और टाटा स्टील के तकनीकी विशेषज्ञों से कुछ समय पूर्व वार्ता भी किया है। तदुपरांत मैं इस निष्कर्ष पर पंहुचा हूँ कि जनहित एवं राज्यहित में मानगो फ्लाई ओवर परियोजना की डिजाईन पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। भविष्य में इसकी डिजाईन में परिवर्तन किया जाना चाहिए, ताकि इस पर हुआ व्यय अपव्यय की श्रेणी में नहीं गिना जाए। मैं इसके विस्तार में जाने से परहेज करते हुए इतना ही निवेदन करूंगा कि मानगो फ्लाईओवर परियोजना ओर जमशेदपुर तथा मानगो की यातायात समस्या की स्थिति पर समग्रता से विचार किया जाना चाहिए और तदनुसार मानगो फ्लाई ओवर परियोजना की डिजाईन में आवश्यक संशोधन किया जाना चाहिए अथवा इसके स्थान पर किसी वैकल्पिक परियोजना का सूत्रण किया जाना चाहिए ताकि सरकार की निधि की बचत हो और मानगो जमशेदपुर की यातायात समस्या का समुचित समाधान हो।

अनुरोध है कि इस विषय में विचार के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करना चाहेंगे, जिसमें पथ निर्माण विभाग के सक्षम अभियंता, टाटा स्टील के तकनीकी विशेषज्ञों तथा किसी योग्य परामर्शी को भी शामिल किया जाए।

सधन्यवाद,


भवदीय
(सरयू राय)

प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग, झारखण्ड सरकार, राँची को लिखा पत्र सं० 131, Dated : 10/07/2024

#Saryu Roy         # East Jamshedpur MLA         #Mango Flyover Pariyojna         #Litti Chowk         #Bhilai Pahari         #NH33         #Takniki Nivida         #Path Nirman Vibhag