जनता की शिकायत पर सरयू राय ने किया पारडीह काली मंदिर से डेंटल कॉलेज तक निरीक्षण, नाले के ऊपर पीसीसी की ढलाई का दिया निर्देश
02 February 2026 | जमशेदपुर
-धूल से बचने के लिए पानी का गहरा छिड़काव करें
-मोटी परत वाली धूल जेसीबी से हटाएं
-जहां जरूरत हो, वहां क्रास रोड बनाएं
-अफसर नया डिजाइन बना कर दिखाएंगे
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को पारडीह काली मंदिर से डेंटल कॉलेज तक एनएच 33 के ऊपर बन रहे ऊपरी पथ के निर्माण के संबंध में जन शिकायतों को लेकर स्थल निरीक्षण किया। उनके साथ एनएचआई के अफसर और अभियंतागण भी थे। श्री राय और टीम ने पारडीह से लेकर बालीगुमा तक के क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस संबंध में सरयू राय ने शिकायतों को दूर करने के लिए एनएचएआई के अफसरों को आवश्यक निर्देश दिया।
सरयू राय ने बताया कि एक शिकायत यह थी कि जगह-जगह पर निर्माण के दौरान काफी धूल उड़ती है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। दूसरी शिकायत यह थी कि निर्माण के दौरान सड़क के इस पार से उस पार जाने के लिए बहुत कम स्थानों पर क्रास रोड बनाया गया है। तीसरी शिकायत यह थी कि कोलकाता और रांची की तरफ से आने वाले लोगों को शहर में उतरने के लिए रैम्प दिया गया है लेकिन वहां काफी संकरापन हो जा रहा है, जहां रैंप उतर रहा है। श्री राय ने अफसरों से कहा कि जहां भी मिट्टी धूल में बदल गई है, वहां पानी का गहरा छिड़काव किया जाए। जहां धूल की मोटी परत जम गई है, उसे जेसीबी से हटवाएं। अफसरों ने इसके लिए हामी भरी।
श्री राय ने बताया कि जिन तीन स्थानों पर रैंप गिर रहा है (पारडीह चौक के पास, एक डिमना चौक के पहले और एक डिमना चौक के बाद) वहां रास्ता संकीर्ण हो जा रहा है। भारी वाहनों को ले जाना मुश्किल हो जाता है क्योंकि बीच में नाला पड़ जाता है। श्री राय ने अफसरों से कहा कि जितनी दूर तक रैंप के किनारे नाला है, उतनी दूर तक नाला के ऊपर डाले गए ढक्कन के स्थान पर मजबूत पीसीसी ढाला जाए ताकि उस पर भारी वाहन आ-जा सकें। अफसरों ने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां इसे किया जाएगा।
सरयू राय ने बताया कि सड़क के इस पार से उस पार जाने के लिए जहां भी क्रास रोड की जरूरत है, वहां क्रास रोड बना दिया जाए। जहां भीतर का काम हो रहा है, उसको दोनों तरफ दीवार जैसा टीना खड़ा कर दें ताकि बाहरी धूल न आ सके। इस पर भी सहमति बनी। अफसरों ने कहा कि उनके सुझाव के अनुसार नया डिजाइन बनाएंगे और उन्हें दिखाएंगे।