तुलसी के पौधे से शुद्ध रहता है पर्यावरणःसरयू राय
25 December 2025 | जमशेदपुर
तुलसी पूजन दिवस पर तुलसी के पौधे की पूजा और आरती हुई
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा है कि तुलसी में अनेक गुण हैं। इसका अर्क पीने से, पत्ते चबाने से कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य लाभ कर सकता है। जिस परिवेश में तुलसी का पौधा स्थापित रहता है, वहां का पर्यावरण शुद्ध रहता है। यह एक ऐसा पौधा है जो हमें 24 घंटे ऑक्सीजन देता है। श्री राय एग्रिको में योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित तुलसी पूजन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अपनी बात रख रहे थे।
सरयू राय ने कहा कि तुलसी का पौधा सामान्य स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम है। दुनिया में हजारों गुणवान पौधे हैं लेकिन तुलसी का पौधा ऐसा है, जिसमें गुण ही गुण हैं। सामान्य स्वास्थ्य से लेकर सर्दी, खांसी, नजला, छींक आदि में इसके प्रभावी परिणाम देखने को मिले हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा के अनुरुप आज तुलसी पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इससे आम जनता में एक संदेश जाएगा कि हमारी सनातन परंपरा कितनी समृद्ध रही है। हर साल 25 दिसंबर को योग वेदांत सेवा समिति द्वारा तुलसी पूजन का यह समारोह किया जाता है। इसका और विस्तार होना चाहिए। इसके पूर्व तुलसी के पौधे का बाकायदा पूजा किया गया और आरती भी की गई। माना जाता है कि मां तुलसी भगवान विष्णु की पत्नी हैं। इसीलिए उन्हें विष्णुप्रिया भी कहा जाता है।
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #Tulsi Pujan Samaroh #December 25 #Tulsi plant #Worship #Aarti #Pure Environment #24 Hours of Oxygen #Sanatan Tradition #Yoga Vedanta Seva Samiti #God Vishnu