ख़बरें: पश्चिमी जमशेदपुर


अब केबुल टाउन के निवासियों को मिलेगी टाटा की बिजली


28 February 2025 | जमशेदपुर

सरयू राय बीते तीन साल से केबुल टाउन और केबुल बस्ती में बिजली कनेक्शन देने की बात कह रहे थे

बोले थे सरयू
-अदालती फैसले से मेरी बात पर लगी मुहर
-कनेक्शन देने के सिवा अब कोई चारा नहीं
-टाटा लैंड डिपार्टमेंट के वरीय अधिकारियों ने भी फैसले को स्वीकारा
-जल्द शुरु होगी कनेक्शन देने की प्रक्रिया

केबुल टाऊन, जमशेदपुर के निवासियों को टाटा स्टील की बिजली का कनेक्शन मिलने का रास्ता साफ़ हो गया है। केबुल कंपनी के निवासी अब अपने निवास स्थान के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन फॉर्म भरें, उन्हें टाटा स्टील की टीएसआईयूएसएल बिजली देगा। शुक्रवार को झारखण्ड हाईकोर्ट ने दो वर्ष पहले दायर एक रिट याचिका पर यह फ़ैसला दिया और कहा कि लोग व्यक्तिगत रूप से टाटा पावर कनेक्शन के लिए आवेदन दें। अदालत के इस फैसले पर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने प्रसन्नता जाहिर की और कहा कि वह बीते तीन साल से लगातार कह रहे थे कि केबुल टाउन और केबुल बस्ती में बिजली कनेक्शन देने में टाटा स्टील के सामने कोई कठिनाई नहीं है और उन्हें कनेक्शन देना चाहिए। श्री राय ने कहाः मेरी बात मानने की जगह उन्होंने दिवालिया केबुल कंपनी के रिज़ोल्यूशन प्रोफेशनल से इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा, जो उन्होंने आज तक नहीं दिया और आगे भी नहीं देंगे। हाईकोर्ट के आज के फ़ैसला के बाद मेरी बात पर मुहर लग गई और टाटा स्टील के पास केबुल वासियों को बिजली कनेक्शन देने के अलावा कोई चारा नहीं है। टाटा स्टील प्रबंधन भी इस फ़ैसले को स्वीकार कर शीघ्र बिजली कनेक्शन देना शुरू करेगा, ऐसा मेरा विश्वास है।

यहां जारी एक बयान में सरयू राय ने कहा कि टाटा लैंड डिपार्टमेंट के वरीय अधिकारियों ने भी उनसे बातचीत में हाईकोर्ट के इस फ़ैसला को स्वीकार किया और मुझे सूचित किया कि वे केबुल कंपनी क्षेत्र में बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया शीघ्र आरम्भ करेॉगे। उन्हें हाईकोर्ट के फ़ैसले की अभिप्रमाणित प्रति मिलने का इंतज़ार है। उम्मीद है कि फ़ैसला की प्रति आज-कल में हाईकोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड हो जाएगी।

श्री राय ने केबुल कंपनी वासियों को बधाई दी और कहा कि उनकी चिर प्रतीक्षित मांग आज पूरा हो गई। केबुलवासियों ने इस बीच जिस धैर्य का परिचय दिया, उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। वह इस मामले में बिल्कुल आश्वस्त थे कि जब उनके प्रयास से केबुल क्षेत्र के घर-घर में टाटा स्टील का पेयजल कनेक्शन तीन साल पहले मिल गया तो एक न एक दिन बिजली कनेक्शन भी अवश्य मिलेगा। आज यह उम्मीद पूरा हो गई। उन्होंने इसके लिए टाटा स्टील प्रबंधन और रिट याचिकाकर्ता को धन्यवाद भी दिया।

 

#Saryu Roy         #MLA West Singhbhum         #Residents of Cable Town will get electricity from Tata         #Electricity Connection         #Senior officials of Tata Land Department