ख़बरें: पश्चिमी जमशेदपुर


सरकारी सिस्टम लकवाग्रस्त:सरयू राय


19 June 2025 | जमशेदपुर

विधायक ने पश्चिमी विधानसभा का किया दौरा, अव्यवस्था देख बिफरे

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को बारिश के दौरान पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। 

उन्होंने पाया कि सोनारी के जहिरा बस्ती में करीब 150 घर जलमग्न हो गये हैं।  

सरयू राय ने कहा कि बस्ती में जुस्को का नाला है जिसकी सफाई जुस्को ने नहीं किया है। इस वजह से नाला जाम हो गया और  यह समस्या उत्पन्न हुई। 

सरयू राय ने जुस्को के अधिकारियों से बात कर इसे तत्काल साफ करने का निर्देश दिया है। 

सरयू राय ने कहा कि मानगो, नित्यानंद काॅलोनी और कालिका नगर का बड़ा नाला में बैकवाटर की समस्या उत्पन्न हो गयी है जिसके कारण पानी पीछे की ओर आकर बस्ती के घरों में चला जा रहा है। 

श्री राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को निर्देश दिया है कि जल निकासी के लिए आवश्यक कारवाई करें। हर बारिश  में यहाँ के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसका स्थायी समाधान के लिए चुनाव के बाद ही मानगो नगर निगम को इसका प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्देश दिया था। 

श्री राय ने कहा है कि सरकार का सारा सिस्टम लकवाग्रस्त हो गया है। मंत्रालय से लेकर जिला स्तर तक कोई काम आगे बढ़ नहीं रहा है। मानगो के नित्यानंद काॅलोनी में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए योजना बनाकर कर पांच महीना पहले ही विभाग में प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया था परंतु इसकी स्वीकृति नहीं मिली जिसका खामियाजा बस्तीवासियों को भुगतना पड़ रहा है। 15वें वित्त आयोग की राशि से क्रियान्वयन के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं लंबित हैं। योजनाओं का क्रियान्वयन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली एचएलएमसी की बैठक से स्वीकृत होने के बाद ही होता है। बैठक कई महीनों से लंबित था। 

उन्होंने बताया कि इधर एचएलएमसी की बैठक 2 दिन पहले हुई परंतु बैठक में हुई स्वीकृति और निर्णय का पत्र प्राप्त होने में कितना समय निकल जाएगा पता नहीं। 

श्री राय ने कहा कि मानगो पेयजल परियोजना के संचालन की भी यही स्थिति है। इसमें सुधार के लिए सारा निर्णय प्रधान सचिव के स्तर पर आयोजित बैठक में हो जाता है और उसका आदेश भी दे दिया जा रहा है परंतु जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन नगण्य है। जबतक मंत्रलय स्तर पर इसपर ध्यान नहीं दिया जाता और त्वरित सुधार नहीं आती है तो आमजनों पर इसका नाकारात्मक असर पड़ेगा और सरकार के प्रति लोगों की घोर नाराजगी बनी रहेगी।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Visited and Inspected different areas of West Singhbhum Constituency         # Mango Municipal Corporation         #JUSCO