विधायक सरयू राय का प्रेस वक्तव्य
20 February 2025 | जमशेदपुर
मानगो नगर निगम क्षेत्र के नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाईन में जल-जमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। यह इलाका पिछले कई वर्षों से जल-जमाव की समस्या से ग्रस्त है। आज सुबह थोड़ी सी बारिश में यहाँ नाला का पानी सड़कों पर बहने लगा। इस बारे में विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से विस्तृत वार्ता किया और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को भी इसकी सूचना दी है। निर्णय हुआ है कि नित्यानंद कॉलोनी, देश बंधु लाईन का जल-जमाव दूर करने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी और इसे जिला योजना का अंग बनाया जाएगा। इस मामले में दो स्तर पर कार्य करने का निर्णय हुआ है।
पहला, आजाद नगर की तरफ से आनेवाले नाला के पानी को दूसरी दिशा में मोड़ देना, ताकि यह पानी नित्यानंद कॉलोनी में नहीं जाए। इससे नित्यानंद कॉलोनी में आने वाला 60 प्रतिशत नाला का पानी दूसरी दिशा में चला जाएगा।
दूसरा, इस कॉलोनी के नाला में जगह-जगह लोहे की जाली लगाया जाएगा और नाला के उपर लगे प्लास्टर में जगह-जगह प्लास्टर काटकर ढक्कन लगाया जाएगा ताकि वहाँ का ढक्कन हटाकर नाला साफ करने में आसानी होगी। इसके बाद यहाँ का पानी का निकास तेजी से डिमना रोड के मुख्य नाला में प्रवाहित की जाएगी, इसके लिए भी आवश्यक उपाय किया जाएगा।
उपर्युक्त दो स्तरीय योजनाओं को लागू करने के लिए मानगो नगर निगम को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन बनाने का दायित्व दिया गया है और इस पर होने वाला खर्च जिला योजना से लिया जाएगा।
विधायक सरयू राय ने बताया कि कई वर्षों से चली आ रही नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाईन की जल निकासी समस्या का स्थायी हल ढूंढना उनके लिए एक चुनौती है। इस चुनौती का सामना मानगो नगर निगम और जमशेदपुर जिला प्रशासन के साथ मिलकर किया जाएगा, ताकि अबतक यहाँ के निवासियों ने जो कठिनाईयाँ झेली हैं, आगे उन्हें यह कठिनाई नहीं झेलना पड़े।
ज्ञात हो कि स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर आज जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने अपने प्रतिनिधिमंडल को देशबंधु लाईन और नित्यानंद कॉलोनी भेजा था। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि विगत 5 वर्षों से इसकी सफाई नहीं हुई है। बरसात में तो इसकी स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। लोगों ने बताया कि इस बारे में पहले भी शिकायत की गई लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। नागरिकों ने खुशी जाहिर की कि इसकी एक सूचना पर विधायक सरयू राय ने मामले को गंभीरता से लिया और अपने प्रतिनिधिमंडल को भेजा। मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति में तत्काल पूरे नाले की सफाई प्रारंभ कर दी है।
प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष राय, नीरज सिंह, पप्पु सिंह, धर्मेन्द्र प्रसाद, संतोष भगत, पिंटु सिंह, विनोद सिंह, बीरू कुमार, रोहन कुमार, मुकेश सिंह, आकाश साह आदि मौजुद थे वहीं मानगो नगर निगम पदाधिकारियों में सहायक नगर आयुक्त अरविंद अग्रवाल और आकीब जावेद, सहायक अभियंता मयंक मिश्रा और संतोष कुमार, सिटी मैनेजर निशांत कुमार, कनीय अभियंता सुबोध कुमार और महेश कुमार मौजुद थे।
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #Problem of water logging in Nityanand Colony Deshbandhu Line Mango Jamshedpur #Mango Municipal Corporation Jamshedpur