सरयू राय ने किया मानगो का दौरा, खोली नगर निगम की पोल
14 December 2025 | जमशेदपुर
सरयू राय का आरोप-ठेकेदार खुद नहीं कर रहा है काम
-गांधी मैदान में गंदगी का अंबार
-फुटबॉल मैदान में भी जबरदस्त गंदगी
-मुर्दा मैदान डंपिंग यार्ड में तब्दील
-डोर--डोर कचरा उठाव बंद, सरयू सख्त
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को आजादनगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर नगर निगम की साफ़-सफ़ाई व्यवस्था की पोल खोल दी। आज़ादनगर विधायक प्रतिनिधि निसार अहमद की अगुवाई में दौरा किया गया। भाजपा आज़ादनगर मंडल अध्यक्ष फ़ातिमा शाहीन प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
दौरे में शुरुआत में नगर निगम कार्यालय से मात्र 10 कदम दूर गांधी मैदान मानगो में गंदगी का अंबार पाया गया। रोड नंबर 6 स्थित फुटबॉल मैदान में कचरा जमा था। उसे लोग वहीं जला रहे थे। रोड नंबर 9 में नाली की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहता मिला। बाग़नशाशी मुर्दा मैदान की स्थिति और भी बदतर पाई गई। पूरा मैदान डंपिंग यार्ड में तब्दील हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान ग़रीब कॉलोनी इमामबाड़ा के पास कचरे के ढेर मिले। ओल्ड पुरुलिया रोड ग़रीब कॉलोनी में दुकानों के सामने नाली के कलवत को सफ़ाई के नाम पर तोड़ दिया गया, लेकिन तीन माह बाद भी उसका निर्माण नहीं हुआ। ओल्ड पुरुलिया रोड 5 नंबर में नईम स्टोर के सामने कचरा और नाली में जमा गंदगी के कारण नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। ओल्ड पुरुलिया रोड हड्डी गोदाम के नीचे बस्ती में नाली के अभाव में गंदा पानी खुले में बहता मिला। ओल्ड पुरुलिया रोड गणगौर के सामने की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जहां लगभग 400 फीट सड़क के नए सिरे से निर्माण की जरूरत है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि वह मानगो नगर निगम के आयुक्त से बात कर साफ़-सफ़ाई का ठेका लेने वाली एजेंसियों का भुगतान रोकने को कहेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक दबाव बनाया जाता है तब तक काम होता है, उसके बाद ठेकेदार फिर ढीला रवैया अपना लेते हैं।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह बंद मिलने पर कड़ी नाराज़गी जताई। कहा कि अगर डोर-टू-डोर कचरा उठाव हो ही नहीं रहा है तो संबंधित एजेंसी को तुरंत हटाया जाए और बिल में कटौती कर भुगतान किया जाए। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी नालियों की सफाई करने के बाद नाली से निकला कचरा वहीं किनारे रख देते हैं, जो कि गलत है। विधायक ने कहा कि लोग सड़क पर ही कूड़ा जला देते हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है। श्री राय ने कहा कि सफाई ठेकेदार खुद काम नहीं कर रहे, किसी और से करवा रहे हैं। सफाई ठेकेदार पर नगर निगम तत्काल कार्रवाई करे।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि पश्चिम पप्पू सिंह, विधायक प्रतिनिधि उलीडीह संतोष भगत, जेडीयू उलीडीह मंडल अध्यक्ष परवीन सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #Visit Mango #Exposed Shortcomings #Municipal Corporation #Gandhi Maidan #Azadnagar Area #Garbage Collection #Cleaning Contracting agencies #Environment Pollution