ह्यूमपाइप ढाँचा का निर्माण कार्य स्थगित रहने को लेकर सरयू राय का प्रेस वक्तव्य
21 November 2025 | जमशेदपुर
निर्माणाधीन एनएच 33 ऊपरी पथ के नीचे पारडीह से डिमना चौक की ओर एनएचएआइ द्वारा सड़क किनारे गढ्ढा खोदकर बनाया जा रहा ह्यूमपाइप ढाँचा का निर्माण कार्य तब तक स्थगित रहेगा, जब तक पेय जल एवं स्वच्छता विभाग तथा मानगो नगर निगम द्वारा इसकी स्वीकृति नहीं मिल जाती है।
उल्लेखनीय है कि आज ह्युमपाइप ढाँचा के लिए खुदाई करते समय सड़क के नीचे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा बिछाए गए पेयजल आपूर्ति पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। नतीजतन मानगो के कुमरूम बस्ती पानी टंकी से पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि एनएचएआई ह्यूमपाईप ढांचा का निर्माण पेयजल आपूर्ति पाइप के ठीक उपर हो रहा है।
मुझे इसकी सूचना मिलने पर मैंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता और मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से पूछा कि किया आपलोगों ने एनएचएआई को इस निर्माण की अनुमति दी है तो उन्होंने बताया कि एनएचएआई ने इस बारे में हमलोगों से कोई अनुमति नहीं लिया है।
इसके बाद मैंने एनएचएआई के क्षेत्रीय पदाधिकारी से रांची में बात की और उन्हें बताया कि बिना सक्षम प्राधिकार से अनुमति लिए ऐसा निर्माण करना अनुचित है। इसके अतिरिक्त यह निर्माण पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन के ठीक उपर किया जा रहा है। भविष्य में पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन में कभी मरम्मत की ज़रूरत पड़ी तो ऐसा करना संभव नहीं होगा। एनएचएआई के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य बिना वैधानिक अनुमति लिए नही होगा। उन्होंने कहा कि मैं एनएचएआई के परियोजना निदेशक को इस बारे में निर्देश दे देता हूँ।
मैंने पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता और मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से भी पूछा कि इस निर्माण के विंषय में एनएचएआई ने अनुमति हेतु आपके पास विधिवत आवेदन किया है या नहीं और आपने इस बारे में क्या कारवाई की। मैंने स्पष्ट किया है कि मानगो में पेयजलापूर्ति के बारे में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले को एनएचएआई, पेयजल स्वच्छता विभाग और मानगो नगर निगम के अधिकारी गंभीरता से लें और विधिवत अनुमति के बाद ही काम हो|
-सरयू राय
#Saryu Roy #MLA West Jamshedpur #Press Statement #Drinking Water and Sanitation Department #Mango Municipal Corporation #Departmental Approval #Construction of Humepipe Structure #Drinking Water Supply Pipe