ख़बरें: पश्चिमी जमशेदपुर


जमशेदपुर झारखंड का पहला शहर बना, जहां बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाया जाएगा


20 May 2026 | Jamshedpur

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल रंग लाई, 6 वाहनों का किया उद्घाटन

-सरयू बोले-अन्य नगरपालिकाओं को भी इस दिशा में सोचना चाहिए
-देश में तेल बचाने के लिए बैटरी से चलने वाली गाड़ियां मुफीद
-संकरी गलियों में जाकर कूड़ा उठाना अब हुआ और भी सहज

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की विधायक निधि से बुधवार को बैटरी से चलने वाले छह डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन विधायक सरयू राय ने किया। उद्घाटन जेएनएसी कार्यालय परिसर में नारियल फोड़ कर हुआ। इस मौके पर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद थे।

इन छह वाहनों की खरीद में 14 लाख 70 हजार रुपये खर्च हुए। 

 झारखंड में यह पहला मौका है, जब विधायक सरयू राय की पहल पर जेएनएसी ने बैटरी से चलने वाले वाहनों को डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के काम में लगाया है। इस लिहाज से जमशेदपुर झारखंड का पहला शहर बन गया, जहां अब संकरी गलियों में भी बैटरी से चलने वाले वाहन पहुंचेंगे और कूड़ा उठाएंगे। 

इस मौके पर विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पहले वह कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) गए थे। वहां उन्होंने देखा कि बैटरी से चलने वाले वाहनों से कूड़ा उठाया जा रहा है। यह प्रयोग उन्हें बेहतर लगा। उन्होंने जमशेदपुर आकर इस संबंध में जेएनएसी में बात की। लगभग साल भर के बाद बैटरी वाले वाहनों का आज उद्घाटन हुआ। अब संकरी गलियों में भी ये वाहन आसानी से पहुंच जाएंगे और कूड़ा उठाएंगे। इससे साफ-सफाई का काम बढ़िया होगा। 

सरयू राय ने कहा कि ऐसे बैटरी चालित वाहनों की आज बेहद जरूरत है। खास कर तब, जब प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेएनएसी की ही तरह अन्य नगरपालिकाओं में भी  बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाने का काम शुरु होगा। यह हर तरीके से मुफीद है। इसमें न पेट्रोल की जरूरत पड़ेगा, न ही डीजल की।

#Saryu Roy         #MLA West Jamshedpur         #Battery Vehicles         #WasteCollection         #Sustainable City         #JNAC         #Environmental Protection